नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
पंचायतीराज आम चुनाव 2026 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को बूंदी पुलिस अधीक्षक कार्यालय में कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
महानिरीक्षक ने जिले की कानून-व्यवस्था और चुनावी सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर नियमित गश्त, कड़ी निगरानी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ लगातार पेट्रोलिंग करने के निर्देश भी दिए।
सोशल मीडिया पर अफवाहों, आपत्तिजनक पोस्ट और भ्रामक संदेशों की निगरानी रखने तथा किसी भी शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निष्पक्ष और पारदर्शी व्यवहार बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने कहा कि बूंदी पुलिस शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए तैयार है। उन्होंने आमजन से शांति बनाए रखने, पुलिस का सहयोग करने और संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
