बूंदी, 13 अक्टूबर | नागरिक अभिव्यक्ति। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत बूंदी जिले में तीसरे और चौथे चरण के मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव की उपस्थिति में एनआईसी कक्ष में मतदान दलों में नियोजित अधिकारियों का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया।
सूचना एवं विज्ञान अधिकारी विकास मीणा ने बताया कि कंप्यूटरीकृत प्रक्रिया के माध्यम से मतदान कार्यों के लिए अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई। इसमें 306 रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) और 5,090 मतदान अधिकारी शामिल हैं। मतदान अधिकारियों में पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम, द्वितीय, तृतीय और चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल हैं।
रिजर्व अधिकारियों की भी की गई व्यवस्था
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आवश्यकता के अनुसार कार्मिक उपलब्ध रहें, इसके लिए रिजर्व अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। रेंडमाइजेशन में 71 रिजर्व रिटर्निंग अधिकारी और 1,110 रिजर्व मतदान अधिकारी निर्धारित किए गए हैं। रिजर्व मतदान अधिकारियों में पीठासीन अधिकारी तथा प्रथम से चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल हैं।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) रमेश देव, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से यह प्रक्रिया पंचायतीराज चुनाव के तीसरे और चौथे चरण में मतदान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा निर्वाचन कार्यों के निष्पक्ष संचालन की तैयारियों के तहत की गई।
