बूंदी, 6 अक्टूबर। नागरिक अभिव्यक्ति। पंचायती राज चुनाव की तैयारियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी केशोरायपाटन और इंद्रगढ़ की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में आगामी जिला परिषद एवं पंचायती राज चुनाव के लिए टिकट के दावेदारों से आवेदन लिए गए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और चुनाव में एकजुट होकर मैदान में उतरने पर जोर दिया।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक सीएल प्रेमी ने कहा कि पार्टी का टिकट मांगना हर कार्यकर्ता का अधिकार है, लेकिन टिकट मिलने के बाद जिसे भी कांग्रेस प्रत्याशी बनाए, सभी कार्यकर्ताओं को उसे अपना उम्मीदवार मानकर पूरी ताकत से चुनाव लड़ाना होगा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि कांग्रेस की विचारधारा और कार्यकर्ताओं के सम्मान की लड़ाई है।
विधायक प्रेमी ने कहा कि यदि बूथ स्तर पर संगठन मजबूत है तो कांग्रेस को गांव की सरकार बनाने से कोई ताकत नहीं रोक सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनता के बीच रहने और सेवा की भावना के साथ काम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की वास्तविक ताकत उसके धरातल से जुड़े कार्यकर्ता हैं।
बैठक में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सर्वजीत सिंह, नेनकराम मीणा, पूर्व जिला प्रमुख महावीर मीणा, पूर्व जिला उपप्रमुख बृजमोहन, पूर्व प्रधान वीरेंद्र सिंह हाड़ा, पूर्व उपप्रधान अमृतलाल गुर्जर, पीसीसी सदस्य अजीज खान, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष चेतराम नागर, नगरीय निकाय जिला अध्यक्ष जफर शरीफ, नगर अध्यक्ष राजू मेव, पूर्व सभापति बाबूलाल बैरवा, सूरजन मीणा, लाखेरी नगरपालिका उपाध्यक्ष अमित बजाज, लाखेरी नगर अध्यक्ष चौथमल बैरवा, सत्यनारायण अग्रवाल और मोहन नागर सहित मंडल अध्यक्ष, ब्लॉक व मंडल कार्यकारिणी के पदाधिकारी तथा विभिन्न अग्रिम संगठनों के पदाधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
