बूंदी, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पंचायतीराज जनप्रतिनिधि संवाद का राज्य स्तरीय कार्यक्रम जयपुर के तक्षशिला ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला गांवों में बसती है। बूंदी जिले से भी जनप्रतिनिधि और अधिकारी वर्चुअल माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी जयंती का दिन सभी के लिए महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी है। महात्मा गांधी की जयंती हमें राष्ट्र निर्माण से जुड़े मूल्यों और ग्रामीण विकास की भूमिका को याद दिलाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंचायतीराज संस्थाओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को देश की धुरी बताया है।
उन्होंने पंचायतीराज जनप्रतिनिधियों से अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए ग्रामीणों की छोटी से छोटी समस्या का भी प्राथमिकता से समाधान करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के गरीब, मजदूर, किसान और दिव्यांग की उम्मीद का पहला केंद्र सरपंच होता है। जनप्रतिनिधियों को गरीब को गणेश मानकर कार्य करना चाहिए और राजस्थान के विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
बूंदी में टाउन हॉल में हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के समानांतर बूंदी में जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर परिषद टाउन हॉल में आयोजित किया गया। यहां अधिकारी, पंचायतीराज जनप्रतिनिधि और अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वर्चुअल माध्यम से जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर एच.डी. सिंह, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारू, उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मजहर इमाम सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों से संवाद किया गया और उनके कार्यों एवं ग्रामीण विकास में भूमिका को लेकर चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में मौजूद जनप्रतिनिधियों का सम्मान भी किया गया।
