नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए पॉक्सो प्रकरण के आरोपी को गेण्डोली थाना पुलिस ने पांच दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने 29 अक्टूबर को उसे बारां जिले के सीसवाली से कोटा जाते समय बस में पकड़ लिया। न्यायालय में पेश करने पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस प्रकरण में पीड़िता को पुलिस पहले ही दस्तयाब कर चुकी है।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर पॉक्सो एवं महिला अत्याचार संबंधी मामलों में कार्रवाई के लिए पुलिस उपाधीक्षक लाखेरी नरेंद्र नागर के सुपरविजन में गेण्डोली थानाधिकारी सुरजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। पुलिस टीम ने लगातार तलाश और दबिश के बाद आरोपी मनीष मीणा (26) पुत्र हरिप्रसाद मीणा, निवासी गेण्डोली खुर्द की झोपड़ियां को गिरफ्तार किया।
थानाधिकारी सुरजीत सिंह ने बताया कि 2 सितंबर 2026 को दर्ज रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 95/2026 में अनुसंधान शुरू किया गया था। जांच के दौरान पीड़िता को दस्तयाब कर मेडिकल जांच और बयान संबंधी कार्रवाई की गई। अनुसंधान में अपराध प्रमाणित पाए जाने पर आरोपी को 22 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था।
जंगल में भागकर पुलिस को दिया था चकमा
पुलिस के अनुसार आरोपी 23 अक्टूबर को पुलिस अभिरक्षा के दौरान चकमा देकर जंगल में फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस टीमों ने उसकी तलाश में लगातार दबिश दी, लेकिन वह बार-बार ठिकाने बदल रहा था। आखिरकार 29 अक्टूबर को सीसवाली से कोटा जाते समय बस में उसे पकड़ लिया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में गेण्डोली थानाधिकारी सुरजीत सिंह, हेड कांस्टेबल सत्यनारायण, कांस्टेबल मनीष और कांस्टेबल हरिनारायण शामिल रहे।
