नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 400 ग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ गांजे के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी भी जब्त की है। आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी बूंदी अनिल जोशी के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। 21 अक्टूबर 2026 को जिला स्पेशल टीम के सहयोग से कोतवाली थाना स्तर पर उप निरीक्षक देशराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
स्कूटी की डिग्गी में मिला गांजा
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान मोहम्मद हनीफ (50) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद हबीब, निवासी छबड़ा गैराज के पीछे, बाईपास रोड, बूंदी को स्कूटी सहित पकड़ा गया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिग्गी में 400 ग्राम गांजा मिला। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी जब्त कर आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना बूंदी में मुकदमा नंबर 356/2026 दर्ज किया है। मामला धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस आरोपी से गांजे की खरीद-फरोख्त और उससे जुड़े अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में ये रहे शामिल
पुलिस टीम में कोतवाली थाना बूंदी के उप निरीक्षक देशराज सिंह, कांस्टेबल नेतराम (548) और कांस्टेबल रामराज (890) शामिल रहे। जिला स्पेशल टीम के प्रभारी उप निरीक्षक बहादूर सिंह और उनकी टीम ने कार्रवाई में सहयोग किया।
