बूंदी। देश की सुरक्षा और नागरिकों की सेवा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस शहीदों की स्मृति में बुधवार को बूंदी पुलिस की ओर से पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस शहीद दिवस (पुलिस स्मृति दिवस) मनाया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों, जवानों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को याद किया। कार्यक्रम में शस्त्र सलामी के साथ पौधारोपण और रक्तदान जैसी गतिविधियों के माध्यम से भी शहीदों को नमन किया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने कर्तव्यपालन के दौरान वीरगति को प्राप्त पुलिस अधिकारियों और जवानों के नाम एवं पदनाम का वाचन कर उनके बलिदान का स्मरण किया। उन्होंने कहा कि पुलिस शहीद दिवस उन वीर जवानों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश और नागरिकों की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है।
शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी सलामी
पुलिस परेड ग्राउंड स्थित राइफल और टोपी से निर्मित शहीद स्मारक पर एसपी सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों ने पुष्पचक्र अर्पित किए। जिला पुलिस सम्मान गार्ड ने शस्त्र उलटकर शोक-शस्त्र की मुद्रा में सलामी दी।
उपस्थित पुलिसकर्मियों ने शीश नवाकर शहीदों को नमन किया। सम्मान स्वरूप राइफल से तीन राउंड फायर किए गए। जिला पुलिस बैंड ने लास्ट पोस्ट और शोक धुन का वादन किया।
कार्यक्रम के दौरान शहीदों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव दिखाई दिया। एसपी ने कहा कि शहीदों का जीवन विपरीत परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति अडिग रहने, निष्ठा से जनसेवा करने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।
सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से किया संवाद
कार्यक्रम में एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने उपस्थित सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों से मुलाकात कर संवाद किया। उन्होंने पुलिस सेवा में उनके योगदान और अनुभवों के प्रति सम्मान व्यक्त किया। एसपी ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी विभाग की समृद्ध परंपरा, अनुशासन और सेवाभाव के महत्वपूर्ण अंग हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से वर्तमान पुलिस बल को प्रेरणा मिलती है।
शहीदों की स्मृति में किया पौधारोपण
पुलिस शहीद दिवस के अवसर पर एसपी अवनीश कुमार शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महिला अपराध अनुसंधान सेल जसवीर मीणा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान सेल अदिति चौधरी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने पौधारोपण किया। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संदेश दिया गया।
पुलिस लाइन में लगाया रक्तदान शिविर
शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए जिला पुलिस की ओर से पुलिस लाइन, बूंदी में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर भी आयोजित किया गया। पुलिसकर्मियों ने रक्तदान और पौधारोपण जैसी गतिविधियों के माध्यम से सेवा, संवेदना और सामाजिक दायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीदों के बलिदान को स्मरण करने के साथ उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने का संदेश देना रहा।
