नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी, 1 नवंबर। नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश लेकर रविवार सुबह बूंदी पुलिस सड़क पर उतरी। ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के तहत पुलिस की ओर से नशामुक्ति जन-जागरूकता वॉकथॉन निकाली गई। इसमें करीब 150 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भाग लिया। हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर निकले पुलिसकर्मियों ने ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’, ‘नशामुक्त युवा, सशक्त भारत’ और ‘नशे को कहें ना, जिंदगी को कहें हां’ जैसे नारों से लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर के निर्देशानुसार जिले में 1 से 7 नवंबर तक ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं महिला अपराध अनुसंधान सेल बूंदी की प्रभारी जसवीर मीणा के सुपरविजन में विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सुबह 8 बजे पुलिस लाइन से वॉकथॉन शुरू हुई।
रैली में सदर थाना, कोतवाली, महिला थाना, साइबर थाना, यातायात शाखा, एमटी शाखा, एससी-एसटी सेल, मा.त.वि.यू. और पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। वॉकथॉन कॉलेज चौराहा, सर्किट हाउस, बत्ती तिराहा, गोपाल सिंह प्लाजा और बहादुर सिंह सर्किल होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
एसपी अवनीश कुमार शर्मा ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाना व्यक्तिगत जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्व भी है। जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प से ही नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसके परिवार, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करती है। युवाओं से खेलकूद, योग, व्यायाम, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने की अपील की गई।
पुलिस ने अभिभावकों और समाज के सभी वर्गों से भी युवाओं को सही दिशा देने तथा नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग का आह्वान किया। अभियान के तहत 7 नवंबर तक जिले में अलग-अलग जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
