बूंदी। लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बूंदी पुलिस की ओर से जिलेभर में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनके माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का जिले के सभी पुलिस थानों में बड़ी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों और आमजन ने भाग लेकर राष्ट्रीय एकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत, जसवीर मीणा और अदिति चौधरी सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
जिले के विभिन्न थानों में आयोजित कार्यक्रमों में सीएलजी सदस्य, युवा सीएलजी सदस्य, पुलिस मित्र, सुरक्षा सखियां और गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा की शपथ ली। उन्होंने जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी भाईचारा, सद्भाव और सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने का संकल्प लिया।
