नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी की ऐतिहासिक विरासत को सहेजने और सामाजिक सरोकारों को जनभागीदारी से जोड़ने में जुटे युवाओं के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। युवा मामले एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत के राष्ट्रीय न्यूज़लेटर के सातवें संस्करण में रामेष्ट युवा मंडल संस्थान, बूंदी के कार्यों को स्थान दिया गया है। इस उपलब्धि पर नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए युवाओं के समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना की।
संस्थान के सदस्यों ने सभापति भरत शर्मा से मुलाकात कर उन्हें राष्ट्रीय न्यूज़लेटर की प्रति भेंट की। इस दौरान उन्होंने सामाजिक सेवा, स्वच्छता और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। राष्ट्रीय प्रकाशन में संस्थान के कार्यों को जगह मिलना युवाओं की सकारात्मक सोच, निष्ठा और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का परिणाम बताया गया।
सभापति भरत शर्मा पहले भी युवाओं के इन प्रयासों से जुड़ चुके हैं। वे ‘स्वच्छ बूंदी–सुरक्षित विरासत’ अभियान के तहत आयोजित जनजागरूकता एवं स्वच्छता रैली में भाग ले चुके हैं। इस अभियान के माध्यम से शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने और जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया था।
शर्मा ने युवाओं को भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ सामाजिक सेवा और विरासत संरक्षण के कार्य जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। राष्ट्रीय न्यूज़लेटर में मिली पहचान को उन्होंने युवाओं के लिए गौरव के साथ आगे बेहतर कार्य करने की प्रेरणा बताया।
इस अवसर पर संस्थान अध्यक्ष शिखर पंचोली, सचिव रोहन गुर्जर, धैर्य सिंह, गोविंद प्रजापत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
