नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 रामगंज स्थित पीएम श्री विद्यालय में बुधवार को आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने आमजन की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान और विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, स्वच्छता और नशामुक्ति से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
जिला कलक्टर ने विकास अधिकारी को पट्टा वितरण और नई पंचायत से जुड़े विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। पाइपलाइन के कारण सड़क पर पानी भरने की समस्या का जल्द समाधान करने तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत और गड्ढों की पेचवर्क से भराई प्राथमिकता से कराने को कहा। सीएडी अभियंताओं को नहरों में पानी छोड़ने से पहले सफाई कराने और जल उपभोक्ता समिति के अध्यक्षों को साथ लेकर काम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नगर परिषद आयुक्त को नवगठित वार्डों में प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने और नालों की सफाई कराने को कहा। खेल मैदान के लिए आवंटित भूमि से अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
रात्रि चौपाल में उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा, बूंदी तहसीलदार जतिन दिनकर, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मजहर इमाम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर, नगर परिषद आयुक्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आमजन मौजूद रहे।
