बूंदी। रामगढ़ टाइगर रिजर्व के जंगल से निकलकर खेत की ओर आया एक पैंथर खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई फेंसिंग में बुरी तरह उलझ गया। खुद को छुड़ाने के लिए पैंथर रातभर छटपटाता रहा, लेकिन बाहर नहीं निकल सका। इस दौरान फेंसिंग की चपेट में आने से उसके शरीर पर कई जगह चोटें भी आईं। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलने पर वन विभाग में हड़कंप मच गया। पैंथर को देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए वन विभाग और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया। बाद में रणथम्भौर से पहुंची विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पैंथर को सुरक्षित बाहर निकाला।
रात के अंधेरे में फेंसिंग में उलझा
इंद्रगढ़ रेंज के रेंजर अशोक मीणा ने बताया कि घटना रामगढ़ टाइगर रिजर्व की इंद्रगढ़ रेंज के मोहनपुरा गांव की है। रविवार देर रात पैंथर जंगल से निकलकर खेत की ओर जा रहा था। इसी दौरान खेत की सुरक्षा के लिए लगाई गई फेंसिंग में उसका शरीर फंस गया। पैंथर ने कई बार जोर लगाकर खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन फेंसिंग में बुरी तरह उलझने के कारण उसकी कोशिश नाकाम रही। रातभर वह इसी स्थिति में फंसा रहा और छटपटाने के दौरान उसके शरीर पर चोटें आईं।
रणथम्भौर से बुलाई विशेषज्ञ टीम
सोमवार सुबह सूचना मिलने पर इंद्रगढ़ रेंज के वनकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर उच्च अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद सवाई माधोपुर के रणथम्भौर टाइगर रिजर्व से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। टीम आवश्यक संसाधनों के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद पैंथर को फेंसिंग से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार के लिए पशु चिकित्सकों की टीम को सौंपा गया। फेंसिंग में फंसने के दौरान आई चोटों को देखते हुए उसकी चिकित्सकीय जांच कराई गई।
पैंथर के फंसने की सूचना फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए थे। ऐसे में वन विभाग और पुलिस को रेस्क्यू के साथ भीड़ को नियंत्रित करने में भी मशक्कत करनी पड़ी। वन विभाग की टीम की सतर्कता और विशेषज्ञों के प्रयासों से पैंथर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
