बूंदी। जलझुलनी एकादशी पर 22 सितंबर को बूंदी के आराध्य भगवान श्री रंगनाथजी की डोल यात्रा निकाली जाएगी। रावला चौक स्थित मंदिर से भगवान नगर भ्रमण पर निकलेंगे। महाराव राजा वंशवर्धन सिंह एवं जिला कलेक्टर हरफूल सिंह पूजा-अर्चना कर यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
श्री रंगनाथ सेवा समिति के अध्यक्ष पुरुषोत्तम पारीक ने बताया कि वर्षों पुरानी परंपरा के अनुरूप इस बार भी डोल यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। देवस्थान विभाग की ओर से आयोजित यात्रा की तैयारियों में सेवा समिति भी जुटी है।
डोल यात्रा रावला चौक स्थित मंदिर से रवाना होकर तिलक चौक, सदर बाजार, कागदी देवरा, सेठ का चौक, उपरला बाजार और नाहर का चौहटा होते हुए रामबाग पहुंचेगी। वहां से यात्रा पुनः मंदिर लौटेगी।
नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न मंदिरों और प्रमुख स्थानों पर भगवान रंगनाथजी की आरती उतारी जाएगी। श्रद्धालु पुष्पवर्षा कर स्वागत करेंगे तथा श्रीफल, केला, सेब, ककड़ी और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करेंगे। यात्रा में भगवान के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर शहरवासियों में उत्साह है।
