नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी। रायथल थाना पुलिस ने ट्रॉली चोरी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत किशोर को निरुद्ध किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई ट्रॉली और वारदात में इस्तेमाल ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (आईपीएस) ने बताया कि 13 सितंबर 2026 की रात अजेता गांव निवासी बद्रीलाल मीणा के घर के बाहर खड़ी ट्रॉली अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए थे। परिवादी की रिपोर्ट पर 24 अक्टूबर को रायथल थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
थानाधिकारी दलवीर सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने संदिग्धों से पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर बालोद निवासी मस्तराम पुत्र रामदेव, दीपक पुत्र रामदेव (23) और सोनू पुत्र अणदी लाल (24) की संलिप्तता पाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक किशोर की मदद से ट्रैक्टर के जरिए ट्रॉली चोरी की थी।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर चोरी की ट्रॉली और वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर उनके घर से बरामद किया। अनुसंधान के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
कार्रवाई में थानाधिकारी दलवीर सिंह, सहायक उपनिरीक्षक महेश कुमार, कांस्टेबल सुभाष और तेजप्रकाश की भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा करने में सहायक उपनिरीक्षक महेश कुमार और कांस्टेबल सुभाष की विशेष भूमिका रही।
