नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड 22 और 23 में चल रहे सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय लोगों ने शिकायत की। शिकायत पर नगर परिषद सभापति भरत शर्मा ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत सही पाए जाने पर उन्होंने ठेकेदार को फटकार लगाई और जेसीबी से सड़क के प्रभावित हिस्से को खुदवाकर नियमानुसार दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए।
मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान क्षेत्रवासियों ने सभापति को निर्माण कार्य में निर्धारित मानकों की अनदेखी किए जाने की जानकारी दी थी। इस पर सभापति ने तत्काल ठेकेदार को मौके पर बुलाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण में सरकार की ओर से निर्धारित शेड्यूल और तकनीकी मानकों के अनुरूप ही सामग्री का उपयोग किया जाए। निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं करने की हिदायत देते हुए उन्होंने हटाए गए हिस्से में उच्च गुणवत्ता के साथ दोबारा सड़क बनाने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सड़क के साथ नाली निर्माण नहीं कराए जाने का मामला भी सामने आया। इस पर सभापति ने नाराजगी जताते हुए ठेकेदार को सड़क के दोनों ओर पक्की नालियों का निर्माण तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क के साथ नालियों का निर्माण भी जरूरी है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से स्थानीय निवासियों को राहत मिल सके।
निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र मीणा, कनिष्ठ अभियंता दिनेश मीणा, उपसभापति संजय भूटानी और स्थानीय पार्षद अनवर हुसैन भी मौजूद रहे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण कार्य का जायजा लिया तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
