बूंदी, 2 अक्टूबर। विकसित भारत-जन सेवा अभियान के तहत शुक्रवार को जयपुर के भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद कार्यक्रम’ का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संबोधित करते हुए युवाओं से संवाद किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम का बूंदी के नगर परिषद टाउन हॉल में लाइव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जिला स्तरीय रोजगार उत्सव का भी आयोजन हुआ।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद किया। इस दौरान 3075 करोड़ रुपए की लागत वाली 668 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया। साथ ही ‘नई किरण-नशा मुक्ति पोर्टल’ और ‘स्मार्ट मूल निवास प्रमाण पत्र’ जैसी डिजिटल सेवाओं की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में नशामुक्ति मानव श्रृंखला, लघु फिल्म और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी जागरूकता का संदेश दिया गया।
32 नव नियुक्त कार्मिकों को बांटे नियुक्ति पत्र
बूंदी नगर परिषद टाउन हॉल में आयोजित जिला स्तरीय रोजगार उत्सव में विभिन्न विभागों में नव नियुक्त 32 कार्मिकों को नियुक्ति पत्र और वेलकम किट वितरित की गई। नगर परिषद सभापति भरत शर्मा, अतिरिक्त जिला कलक्टर एच.डी. सिंह और उपखंड अधिकारी लक्ष्मीकांत मीणा ने नव नियुक्त कार्मिकों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
इनमें कार्मिक विभाग के 10, पशुपालन विभाग के 12, आयुर्वेद विभाग के 4, यूनानी विभाग के 3, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग का एक, एनएचएम का एक तथा राजस्थान पुलिस का एक कार्मिक शामिल रहा।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नीलकमल सक्सेना, तुषार शर्मा सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सांख्यिकी अधिकारी सत्यवान शर्मा ने किया।
