बूंदी। पांच वर्ष तक के बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी के लक्षणों की समय पर पहचान के लिए बूंदी जिले में 12 नवंबर से ‘सांस अभियान’ शुरू होगा। 28 फरवरी 2027 तक चलने वाले इस अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर पहुंचकर बच्चों की निगरानी करेंगी और अभिभावकों को बचाव व उपचार के प्रति जागरूक करेंगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. सामर ने बताया कि अभियान का लक्ष्य शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों में निमोनिया की शीघ्र पहचान, समय पर उपचार और गंभीर स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थान तक रेफर करने की व्यवस्था सुनिश्चित करना है। इसके लिए चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंगकर्मियों, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और आशा सहयोगिनियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
घर-घर सर्वे के दौरान बच्चों में खांसी, तेज सांस चलना, छाती में धंसाव, सांस लेने में परेशानी और दूध या तरल पदार्थ पीने में असमर्थता जैसे लक्षणों पर ध्यान दिया जाएगा। संभावित मरीजों को निर्धारित उपचार उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर उच्च चिकित्सा केंद्रों पर भेजा जाएगा। जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कमलेश शर्मा के अनुसार स्वास्थ्य संस्थानों में निमोनिया के उपचार के लिए दवाइयों, ऑक्सीजन और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
अभियान में नियमित टीकाकरण को भी प्रमुखता दी जाएगी। अभिभावकों को पेंटावेलेंट और न्यूमोकोकल टीके की सभी निर्धारित खुराक समय पर लगवाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके साथ ही 15 से 21 नवंबर तक राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह मनाया जाएगा। इस वर्ष इसकी थीम ‘स्मॉल बेबीज, बिग पोटेंशियल’ है। सप्ताह के दौरान स्तनपान, संक्रमण से बचाव, नवजात की नियमित जांच और विशेष देखभाल को लेकर जागरूकता गतिविधियां होंगी।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में तेज सांस चलने, छाती धंसने या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखने पर इंतजार न करें और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। नियमित टीकाकरण और समय पर उपचार से निमोनिया के गंभीर खतरे को कम किया जा सकता है।
