बूंदी, 17 सितंबर। नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने निर्वाचित पार्षदों की एक बार फिर बाड़ाबंदी की है। बुधवार को टीकम जैन को सभापति पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद पार्षदों को बूंदी से बाहर ले जाया गया। पार्टी अपने पार्षदों को एकजुट रखने के साथ निर्दलीयों का समर्थन जुटाने की कोशिश में भी है।
नगर परिषद चुनाव के मतदान के बाद भी कांग्रेस ने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी की थी। परिणाम में पार्टी के 20 पार्षद निर्वाचित हुए थे। इसके बाद बाड़ाबंदी समाप्त कर दी गई थी। अब सभापति चुनाव के लिए प्रत्याशी तय होते ही कांग्रेस ने दोबारा पार्षदों को एक स्थान पर रखने की रणनीति अपनाई है।
निर्दलीयों का समर्थन जुटाने की कोशिश
टीकम जैन की जीत के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता निर्दलीय पार्षदों से संपर्क कर रहे हैं। भाजपा में सभापति पद को लेकर खींचतान और कुछ पार्षदों की नाराजगी की चर्चाओं पर भी कांग्रेस की नजर है। हालांकि, किसी भाजपा या निर्दलीय पार्षद के कांग्रेस को समर्थन देने की पुष्टि सामने नहीं आई है।
