बूंदी। सकल जैन समाज, बूंदी की बैठक बघेरवाल छात्रावास में आयोजित हुई। बैठक में समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा के बाद आगामी 18 अक्टूबर 2026, रविवार को दोपहर 2 बजे बघेरवाल छात्रावास में सम्मान समारोह आयोजित करने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
समारोह में बूंदी जिले में जैन समाज से निर्वाचित नगर निकाय पार्षदों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही पर्युषण पर्व के दौरान 3 उपवास या उससे अधिक तपस्या करने वाले श्रावक-श्राविकाओं का बहुमान कर उनकी तपस्या की अनुमोदना की जाएगी।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं के लिए संजय जैन को संयोजक तथा लोकेश गोधा, राजेन्द्र जैन और सुनील जैन को सह-संयोजक नियुक्त किया गया। सहयोग राशि संग्रह की जिम्मेदारी प्रकाश महात्मा, सुरेन्द्र छाबड़ा एवं ओमप्रकाश ठग को सौंपी गई।
कार्यक्रम में दिए जाने वाले मोमेंटो की व्यवस्था आदित्य भंडारी, लोकेश गोधा एवं धर्मेन्द्र जैन संभालेंगे। वहीं तपस्वियों की सूची एवं संबंधित जानकारी संकलित करने की जिम्मेदारी विमल भड़कतिया, प्रकाश महात्मा, सुरेन्द्र छाबड़ा एवं अनूप खटोड़ को दी गई।
सकल जैन समाज के सचिव आदित्य भंडारी ने बताया कि समारोह की सभी व्यवस्थाएं समाजबंधुओं के आपसी समन्वय से पूरी की जाएंगी। उन्होंने समाज के सभी सदस्यों से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग का आह्वान किया।
बैठक के अंत में समाज अध्यक्ष महावीर धनोत्य ने उपस्थित सभी समाजबंधुओं का आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही बैठक का समापन हुआ।
