नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी। श्री सर्राफा संस्थान की वार्षिक आमसभा अध्यक्ष सत्यप्रकाश नूवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संस्थान के सदस्यों को डिजिटल क्यूआर कोड युक्त परिचय पत्र वितरित किए गए। साथ ही बूंदी में नवीन सर्राफा बाजार के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भेजने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
संस्थान के प्रवक्ता चिंतन नूवाल ने बताया कि जिले में पहली बार संस्थान के सदस्यों के लिए डिजिटल क्यूआर कोड युक्त परिचय पत्र जारी किए गए हैं। कार्ड को स्कैन करने पर संबंधित व्यापारिक प्रतिष्ठान की जानकारी उपलब्ध हो सकेगी। संस्थान की ओर से जल्द ही वेबसाइट और मोबाइल एप भी शुरू किए जाएंगे। इनके माध्यम से सोने-चांदी के भाव अपडेट किए जाएंगे, जिससे सर्राफा व्यवसायियों को जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
आमसभा में नवंबर में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित करने का निर्णय भी लिया गया। कोषाध्यक्ष मनीष लखोटिया ने संस्थान का वार्षिक आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। बैठक का संचालन सचिव नवरत्न बील्या ने किया तथा अंत में सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष राजीव भंडारी, लखन गर्ग, सचिव नवरत्न बील्या सहित कार्यकारिणी सदस्य, वरिष्ठ सर्राफा व्यवसायी और संस्थान के सदस्य मौजूद रहे।
