बूंदी। प्लास्टिक कचरा मुक्त राजस्थान अभियान-2026 के तहत सथुर गांव में नेहरू युवा मंडल ने ‘नो प्लास्टिक मेरा गांव’ अभियान चलाया। कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों और महिलाओं को सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले नुकसान बताए तथा कपड़े का थैला अपनाने की अपील की।
ग्रामीणों को अभियान के पांच आर मॉडल—मना करें, कम करें, पुनः उपयोग करें, पुनर्प्राप्त करें और पुनर्चक्रण करें की जानकारी दी गई। युवाओं और महिलाओं से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाकर गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने का आह्वान किया गया।
मंडल अध्यक्ष दीपक नरवाला ने कहा कि गांव में स्थायी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक परिवार की भागीदारी जरूरी है। सिंगल यूज प्लास्टिक छोड़कर कपड़े का थैला अपनाने से प्लास्टिक कचरा कम किया जा सकता है।
समापन पर ग्रामीणों और युवाओं ने प्लास्टिक का उपयोग कम करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा गांव को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर समाजसेवी बाबूलाल भाट, भंवर सैनी, जितेन्द्र शर्मा, लोकेश, अनिल और रामू बाई सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
