नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
पानी की हर बूंद की कीमत समझाने के लिए राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (रूडिप) की ओर से सत्यम पब्लिक माध्यमिक विद्यालय, गुरुनानक कॉलोनी में जल संरक्षण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने फिल्म के माध्यम से पानी बचाने का महत्व समझा और खुद ‘जल जासूस’ बनकर स्कूल में वाटर ऑडिट किया। इस दौरान उन्होंने पानी की बर्बादी के संभावित कारणों की पहचान करने का प्रयास किया।
रूडिप की अधिशाषी अभियंता दीप्ति पाटनी के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में कैप-आरयूआईडीपी के सचिन मुदगल ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर उपयोग योग्य पानी सीमित है और समय रहते जल संरक्षण के प्रयास नहीं किए गए तो भविष्य में संकट गंभीर हो सकता है। उन्होंने बताया कि शहर में प्रस्तावित नई जल प्रदाय योजना के तहत मीटरयुक्त कनेक्शन और पर्याप्त दबाव से पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही पानी का सदुपयोग करना नागरिकों की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान 10 विद्यार्थियों की टीम ने स्कूल के पेयजल नलों और शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने नलों में लीकेज और अनावश्यक रूप से बहते पानी की जांच की तथा अपने अनुभव सहपाठियों के साथ साझा किए।
प्रधानाध्यापक महेश शर्मा ने दैनिक जीवन में पानी बचाने के उपाय बताए। शिक्षिका प्रिया माहेश्वरी और पिंकी शर्मा ने विद्यार्थियों से सीखी गई बातों को परिवार और दोस्तों तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक और रूडिप सोशल आउटरीच टीम की बबिता भी शामिल रहीं।
