बूंदी। दीपावली के त्योहार पर आमजन की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की खुशियों में शामिल होने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने अनूठी पहल की। एसपी विभिन्न स्थानों पर ड्यूटी कर रहे पुलिस अधिकारियों और जवानों के बीच पहुंचे तथा उन्हें मिठाई भेंट कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान एसपी ने जवानों से आत्मीयता से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी अपने परिवार से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनकी कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और सेवा भावना सराहनीय है।
एसपी ने जवानों के साथ समय बिताकर उनका मनोबल बढ़ाया और पुलिस परिवार में आपसी सहयोग, अपनत्व तथा एकजुटता का संदेश दिया।
