बूंदी। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जिस मैदान पर हॉकी खेला करते थे, उसी मैदान पर शनिवार को राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के दौरान युवा खिलाड़ियों का उत्साह देखने को मिला। मैदान में 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक के बाद एक मैदानी गोल दागे। शहर के सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पुलिस परेड ग्राउंड सहित विभिन्न मैदानों पर आयोजित मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच गोल करने की होड़ नजर आई।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ी हाथों में हॉकी स्टिक लेकर गेंद पर नियंत्रण बनाने के लिए पूरी ताकत लगाते दिखाई दिए। खिलाड़ी तेजी से गेंद को डी तक पहुंचाकर गोल करने के प्रयास में जुटे रहे। मुकाबलों में पेनल्टी कॉर्नर, स्ट्रोक, स्कूप और मैदानी गोल का खासा प्रभाव देखने को मिला। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन से बूंदी का माहौल खेलमय बना रहा।
विभिन्न मैदानों पर टीमों ने दर्ज की जीत
शनिवार को आयोजित मुकाबलों में मैदान नंबर एक पर गंगानगर, ब्यावर, कोटा, बांसवाड़ा और अजमेर की टीमें विजेता रहीं। वहीं मैदान नंबर तीन पर सिरोही, चूरू, बूंदी, हनुमानगढ़ और पाली की टीमों ने जीत दर्ज की। मैदान नंबर चार पर भीलवाड़ा, अलवर, सीकर और उदयपुर की टीमें विजेता रहीं।
दर्शकों और कोच ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मैच शुरू होते ही मैदान के बाहर दर्शकों और कोच की भीड़ जुटने लगी। दर्शक अपनी पसंदीदा टीम के खिलाड़ियों का तालियों और उत्साहवर्धन के साथ हौसला बढ़ाते नजर आए। वहीं कोच भी मैदान के बाहर से खिलाड़ियों को जरूरी निर्देश देते हुए उनमें जोश भरते रहे।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायकों और शारीरिक शिक्षकों की भूमिका भी सराहनीय रही। जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अर्चना तंवर और संयोजक रविंद्र दाधीच ने बताया कि सुबह से शाम तक विभिन्न मैदानों पर हॉकी के मुकाबले शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रहे हैं। प्रतियोगिता में शामिल टीमों के खिलाड़ियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शारीरिक शिक्षक मैच शुरू होने से लेकर समाप्ति तक खिलाड़ियों के साथ रहकर उनका सहयोग कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के मुकाबलों ने बूंदी को खेल ग्राम का रूप दे दिया है। शहर के अलग-अलग मैदानों पर हॉकी खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों की मौजूदगी खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शा रही है।
