बूंदी। किसी के जीवन में भोजन का एक निवाला पहुंचाना भी बड़ी राहत बन सकता है। इस सोच को बूंदी की सेवानिवृत्त व्याख्याता सुमित्रा ओझा ने अपने जीवन का संकल्प बना लिया है। पिछले 24 वर्षों से वह असहाय, निर्धन, वृद्ध, दिव्यांग और मानसिक रूप से कमजोर लोगों की सेवा में जुटी हैं। खोजा गेट स्थित श्री गणपति सेवा आश्रम में प्रतिदिन 40 से 50 जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। जो लोग आश्रम तक नहीं पहुंच पाते, उनके लिए टिफिन में भोजन पैक कर भेजा जाता है।
पिता से मिली सेवा की प्रेरणा, 2002 में संभाली जिम्मेदारी
सुमित्रा ओझा को सेवा की प्रेरणा अपने पिता स्व. मांगीलाल ओझा से मिली। वर्ष 1992 में पिता ने खोजा गेट स्थित गणेश मंदिर परिसर में गणपति सेवा आश्रम की स्थापना की थी। इससे पहले वह घर पर ही भोजन के पैकेट तैयार कर जरूरतमंदों तक पहुंचाते थे। समय के साथ यह पहल आश्रम के अन्न क्षेत्र में बदल गई।
वर्ष 2002 में पिता के निधन के बाद सुमित्रा ओझा ने अपने पति के साथ आश्रम की जिम्मेदारी संभाली। उस समय वह व्याख्याता के पद पर कार्यरत थीं। विद्यालय की जिम्मेदारियों के बीच अतिरिक्त समय निकालकर आश्रम का संचालन करती रहीं। शुरुआती दिनों में कर्मचारियों का मेहनताना भी स्वयं वहन किया। वर्ष 2012 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अपना पूरा समय सेवा कार्यों को समर्पित कर दिया।
प्रतिदिन 40 से 50 लोगों को भोजन
गणपति सेवा आश्रम में प्रतिदिन 40 से 50 जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन कराया जाता है। इनमें वृद्ध, असहाय और ऐसे लोग भी शामिल हैं, जिन्हें परिवार का सहारा नहीं है। आश्रम की व्यवस्था केवल भोजन कराने तक सीमित नहीं है। जरूरतमंदों को मौसम के अनुसार कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध करवाई जाती है।
सुमित्रा ओझा ने एक ऐसी बालिका को भी गोद लिया है, जिसके पिता का निधन हो चुका है और मां लकवाग्रस्त हैं। बालिका की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों की जिम्मेदारी भी वह स्वयं निभा रही हैं। सुमित्रा बताती हैं कि वह हर महीने करीब तीन हजार रुपए आश्रम के लिए अपनी ओर से देती हैं। शुरुआती दौर में सेवा के लिए जरूरी संसाधन जुटाने में काफी कठिनाइयां आईं, लेकिन धीरे-धीरे लोगों का सहयोग मिलने लगा।
कोरोना काल में भी नहीं रुकी अन्न सेवा
कोरोना महामारी के कठिन दौर में भी आश्रम की अन्न सेवा जारी रही। जरूरतमंदों और असहाय लोगों तक नियमित रूप से भोजन के पैकेट पहुंचाए गए। इस दौरान आश्रम के प्रबंधन और सेवा कार्यों को आमजन के साथ प्रशासन की ओर से भी सराहना मिली।
जनसहयोग से चल रहा सेवा का सिलसिला
सुमित्रा ओझा की पहल से प्रेरित होकर अब कई भामाशाह और दानदाता आश्रम से जुड़ चुके हैं। आश्रम के भंडार में करीब छह महीने तक का राशन उपलब्ध रहता है। लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे अवसरों पर यहां भोजन करवाने के लिए आर्थिक सहयोग देते हैं। जनसहयोग से भोजन और दूसरी जरूरतों की व्यवस्था लगातार चल रही है।
सुमित्रा ओझा का मानना है कि सेवा के लिए बड़े संसाधनों से ज्यादा संवेदनशील मन और समर्पित सोच जरूरी है। पिता से मिली सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वह आज भी जरूरतमंदों के बीच पहुंचती हैं। उनके लिए किसी भूखे को भोजन कराना और किसी असहाय को सहारा देना ही सेवा का सबसे बड़ा संतोष है।
