बूंदी। दीपावली की खुशियों में नवजात शिशुओं को भी शामिल करने के लिए ‘सुपोषित मां महाभियान’ के तहत विशेष पहल की गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से शनिवार को नगर परिषद के 60 वार्डों के पार्षदों को नवजात शिशुओं के लिए नए वस्त्र सौंपे गए। पार्षद अपने-अपने वार्डों में जरूरतमंद परिवारों के घरों तक ये वस्त्र पहुंचाएंगे।
नगर परिषद सभापति भरत शर्मा के आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में सभी वार्डों के पार्षदों को वस्त्र वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों तक दीपावली की खुशियां पहुंचाने के साथ नवजात शिशुओं की देखभाल और मातृ-शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने बताया कि अभियान के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम में भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रृंगी, शहर महामंत्री गौरव वर्मा, पार्षद आत्माराम चौबदार, पार्षद प्रतिनिधि रोहित बैरागी, तुषार जांगिड़, आशीष प्रजापति, चेतन पंचोली, बंटी पंचोली, दीपक शर्मा, अभय चतुर्वेदी, नितिन हाड़ा और राहुल सेन सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
