नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी, 7 अक्टूबर। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर जिले के चिकित्सा संस्थानों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए चलाए जा रहे सघन औचक निरीक्षण अभियान के तहत बुधवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. ओ.पी. सामर ने जिला टीबी अस्पताल बूंदी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रभारी और स्टाफ मौजूद रहे। सीएमएचओ ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टीबी अस्पताल में संक्रमण नियंत्रण की दृष्टि से स्वच्छता बेहद महत्वपूर्ण है, इसलिए अस्पताल परिसर में नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
डॉ. सामर ने अस्पताल में उपचाररत टीबी रोगियों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, उपचार व्यवस्था और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों को दी जा रही निक्षय पोषण किट की स्थिति की भी समीक्षा की। इस दौरान कितने मरीजों को किट का लाभ मिला और वर्तमान में कितने रोगी उपचाराधीन हैं, इसकी जानकारी ली गई।
सीएमएचओ ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संचालित गतिविधियों एवं अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही सिलिकोसिस रोगियों की स्थिति, उनके उपचार तथा आयोजित किए जा रहे चिकित्सा शिविरों की जानकारी भी प्राप्त की।
उन्होंने अस्पताल प्रभारी एवं स्टाफ को निर्देश दिए कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं सुचारु रखी जाएं। विशेष रूप से स्वच्छता, दवाइयों की उपलब्धता, मरीजों की सुविधाओं और उपचार व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
डॉ. सामर ने कहा कि जिले के चिकित्सा संस्थानों में नियमित और औचक निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे। इन निरीक्षणों का उद्देश्य व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार करना और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सहज एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
