बूंदी। पंचायत चुनाव की ड्यूटी पर तैनात एक शिक्षक की अचानक मौत से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। मतदान केंद्र पर रात को मतदान दल के साथ सोए पोलिंग अधिकारी बबलू कुमार गोचर सुबह नहीं उठे। साथी कर्मचारियों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। सूचना पर पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। चुनावी ड्यूटी के दौरान हुई इस घटना से साथी कर्मचारियों और परिजनों में शोक छा गया।
घटना हिंडोली क्षेत्र के खींया मतदान केंद्र की है, जो बसोली थाना क्षेत्र में स्थित है। बबलू कुमार गोचर यहां मतदान दल में पोलिंग अधिकारी के रूप में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, रात को सोने से पहले उनकी तबीयत सामान्य थी, हालांकि उन्होंने चक्कर आने की शिकायत की थी। उन्होंने मेडिकल सहायता की मांग नहीं की थी। सुबह साथी कर्मचारियों ने उन्हें अचेत अवस्था में पाया तो प्रशासन को सूचना दी।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया
शिक्षक की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गए। गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर उन्हें तत्काल बूंदी जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। अचानक हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मौत की वजह स्पष्ट नहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत ने बताया कि बबलू कुमार गोचर खींया मतदान केंद्र पर मतदान दल का हिस्सा थे। तबीयत बिगड़ने की सूचना पर उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। परिजनों की रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार मेडिकल टीम से कार्रवाई करवाई जाएगी। सीएमएचओ को भी मामले से अवगत करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
अस्पताल में पुलिस जाप्ता तैनात, अधिकारी पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए बूंदी जिला अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। कोतवाली और सदर थाने का पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत स्वयं अस्पताल पहुंचे। अतिरिक्त जिला कलेक्टर एचडी सिंह, बूंदी एसडीएम लक्ष्मीकांत मीणा और तहसीलदार ने भी अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए।
तीन साल पहले पीटीआई पद पर आए थे
अस्पताल में मौजूद परिजनों ने बताया कि बबलू कुमार गोचर करीब तीन साल पहले शारीरिक शिक्षक (पीटीआई) के पद पर सरकारी सेवा में आए थे। परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। पंचायत चुनाव की जिम्मेदारी निभाने पहुंचे शिक्षक की अचानक मौत से शिक्षा जगत और परिचितों में शोक की लहर है। फिलहाल परिवार और प्रशासन को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
