बूंदी। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा), जिला बूंदी की ओर से शिक्षकों एवं कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया। जिलाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों से जुड़ी लंबित मांगों को जिला प्रशासन के समक्ष रखा।
जिला मंत्रीमनोज जैन ने बताया कि ज्ञापन में वर्ष 2022 के शेष रहे शिक्षकों के स्थायीकरण के लिए जिला स्थापना समिति की बैठक शीघ्र आयोजित करवाने की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। इसके अलावा ऐसे कार्मिक, जिनकी सेवानिवृत्ति में एक वर्ष से कम समय शेष है, उन्हें चुनाव कार्य से राहत देने तथा जनगणना के प्रथम चरण में कार्य करने वाले कार्मिकों के लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान करवाने की मांग की गई।
संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों एवं कार्मिकों की लंबित समस्याओं के समाधान से उन्हें राहत मिलेगी और विभागीय कार्यों में भी बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
जिला कलेक्टर ने संगठन की ओर से रखी गई मांगों को गंभीरता से सुनते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन देने के दौरान महिला मंत्री नीलम माथुर, संयुक्त मंत्री सुमित सेन, शारीरिक शिक्षक प्रतिनिधि सुमित आर्य, भगवान सहाय शर्मा, सुरेश चौधरी सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
