बूंदी। नैनवां ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय ताकला में स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस प्रोग्राम के तहत मादक पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम एवं प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
टोबैको फ्री स्कूल के जिला प्रभारी शिक्षक किशन लाल कहार ने विद्यार्थियों को तंबाकूयुक्त लाल मंजन, जर्दा, गुटखा, बीड़ी और सिगरेट के सेवन से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशे की आदत व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने के साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। इस दौरान विद्यार्थियों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने का संकल्प दिलाया गया।
शिक्षक कहार ने ‘अच्छे कार्य की शुरुआत स्वयं से करें’ का संदेश देते हुए कहा कि नशामुक्त समाज बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। विद्यार्थियों को भी इस दिशा में जागरूकता फैलाने और नशामुक्ति अभियान को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षिका कोमल जाजोरिया, शिक्षक मनीष कुमार बैरवा, स्कूल हेल्थ एंड वेलनेस एंबेसडर शिक्षक देवराज गुर्जर सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
