बूंदी, 27 सितंबर। दिवंगत व्यापारी अशोक गुप्ता (कोठी वाला) के जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कथित लापरवाही और अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर इंदिरा मार्केट एवं पुरानी धानमंडी व्यापार संघ की ओर से आयोजित सांकेतिक बंद रहा। व्यापारियों ने स्वेच्छा से अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर दिवंगत व्यापारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इंदिरा मार्केट, चौगान गेट एवं पुरानी धानमंडी व्यापार संघ के सचिव सुशील कासट ने बताया कि व्यापार संघ की अपील पर दोनों बाजारों के व्यापारियों ने दोपहर 12 बजे तक अपने प्रतिष्ठान स्वेच्छा से बंद रखे। इस दौरान व्यापारियों ने एकजुटता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए दिवंगत अशोक गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मौन जुलूस निकाला। जुलूस श्रद्धांजलि स्थल से शुरू होकर इंदिरा मार्केट एवं कोटा रोड होते हुए वापस श्रद्धांजलि स्थल पहुंचा। जुलूस में शामिल लोगों ने मौन रखकर अशोक गुप्ता को श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था में आवश्यक सुधार और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
कार्यक्रम में रूपेश शर्मा, संजय भूटानी, मानस जैन, राजकुमार श्रृंगी, किराना व्यापार संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश जिंदल, परमेश्वर झंवर, सुनील हाड़ौती, लोकेश ठाकुर, कपड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष हरीश बिलोची, फणीभूषण सुरलाया, संयुक्त व्यापार महासंघ के कार्यकारी अध्यक्ष पीतांबर शर्मा, इंदिरा मार्केट व्यापार संघ अध्यक्ष विजय प्रकाश जैन, सर्वेश अग्रवाल, राजीव भंडारी, राकेश जैन, नूतन कुशवाह, भानु जैन, संयुक्त व्यापार महासंघ अध्यक्ष प्रेम प्रकाश एवरग्रीन, सचिव प्रशांत मोदी, मधुसूदन गुप्ता, तरूण राठौर, गणेश राठौर, दिनेश बिलोची, महावीर कुशवाहा, कमल गर्ग सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
