नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
बूंदी, 18 अक्टूबर। बूंदी महोत्सव अब पर्यटन विभाग के पूर्व निर्धारित कैलेंडर के अनुसार 27 से 29 नवंबर 2026 तक ही आयोजित होगा। पंचायतीराज चुनावों के चलते जिला प्रशासन ने महोत्सव की तारीखें बदलकर 5 से 7 दिसंबर करने का प्रस्ताव भेजा था, लेकिन पर्यटन विभाग ने इसे स्वीकार नहीं किया। विभाग ने देशी-विदेशी पर्यटकों की पहले से हो चुकी बुकिंग और पुष्कर मेले से बूंदी आने वाले पर्यटकों की संभावित आवाजाही को देखते हुए आयोजन की मूल तिथियां बरकरार रखने का निर्णय लिया है।
जिला प्रशासन की ओर से 6 अक्टूबर को आयोजित बैठक में सदस्यों ने चुनावी व्यस्तताओं को देखते हुए महोत्सव की तारीखें आगे बढ़ाने की अनुशंसा की थी। राज्य और जिले में चल रहे पंचायतीराज आम चुनावों के कारण जिला प्रशासन तथा अन्य विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों की व्यस्तता को इसके पीछे प्रमुख वजह बताया गया। इसके बाद जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने 27 से 29 नवंबर के बजाय 5 से 7 दिसंबर तक महोत्सव आयोजित करने का प्रस्ताव पर्यटन विभाग मुख्यालय को भेजा था।
हालांकि, पर्यटन विभाग ने कैलेंडर में प्रकाशित तारीखों को बदलने के प्रस्ताव पर सहमति नहीं दी। विभाग के अनुसार देशी-विदेशी पर्यटक पहले से घोषित कार्यक्रम के मुताबिक अपनी यात्रा और बुकिंग कर रहे हैं। इसके अलावा पुष्कर मेले में आने वाले पर्यटकों के बूंदी महोत्सव में भी पहुंचने की प्रवृत्ति को देखते हुए तारीखों में बदलाव उचित नहीं माना गया। ऐसे में अब महोत्सव का आयोजन 27 से 29 नवंबर तक ही होगा।
