बूंदी। विजयदशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को नगर परिषद की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद ऐतिहासिक कुंभा स्टेडियम में पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ रावण परिवार का दहन किया जाएगा। इस बार का दशहरा उत्सव आधुनिक तकनीक के कारण बेहद खास रहने वाला है।
बालचंद पाड़ा से शुरू होगी शोभायात्रा
दशहरा महोत्सव समिति के अध्यक्ष दिलीप सिंह राजावत ने बताया कि शोभायात्रा शाम 6:00 बजे बालचंद पाड़ा से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ होगी। यह शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कुंभा स्टेडियम पहुंचेगी, जहां दहन का मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा।
65 फीट का रावण, 45-45 फीट के होंगे कुंभकरण व मेघनाथ
नगर परिषद सभापति भरत शर्मा के अनुसार, मैदान पर पुतले बनाने का काम अंतिम चरण में है। इस बार बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण का मुख्य पुतला 65 फीट ऊंचा बनाया गया है। सुरक्षा और भव्यता को ध्यान में रखते हुए कुंभकरण और मेघनाथ के पुतले 45-45 फीट के तैयार किए जा रहे हैं।
पहली बार रिमोट से होगा रावण दहन
मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन ने बताया कि इस वर्ष परंपरा से हटकर रावण परिवार का दहन किसी पारंपरिक तरीके के बजाय रिमोट कंट्रोल के माध्यम से किया जाएगा। इस आधुनिक व तकनीकी दहन प्रक्रिया को देखने के लिए स्टेडियम में भारी भीड़ जुटने की संभावना है। नगर परिषद द्वारा दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए रोशनी, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
