नागरिक अभिव्यक्ति @ बूंदी
बूंदी। युवाओं को लोकतंत्र, संवाद और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत युवा संसद-2027’ आयोजित की जा रही है। माय भारत केंद्र और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की इस पहल में युवाओं को अपने विचार रखने, तार्किक अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक युवा 31 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला युवा अधिकारी अशोक कुमार मेघवाल ने बताया कि प्रतियोगिता का विषय ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ निर्धारित किया गया है। इसमें 18 से 25 वर्ष तक के युवा हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागियों को विषय पर अपने विचार तीन से पांच मिनट में प्रभावशाली और तार्किक ढंग से प्रस्तुत करने होंगे। आयु निर्धारण के लिए कटऑफ तिथि 17 अगस्त 2026 रखी गई है।
जिला स्तर पर चयनित युवा राज्य स्तर पर करेंगे प्रतिनिधित्व
प्रतियोगिता की जिला स्तरीय तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी। जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। इसके माध्यम से युवा सार्वजनिक विषयों पर अपनी समझ और विचार प्रस्तुत करने के साथ संवाद व नेतृत्व कौशल को भी विकसित कर सकेंगे।
माय भारत से जुड़े भूपेन्द्र योगी ने बताया कि इच्छुक युवा आधिकारिक पोर्टल https://mybharat.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9680795610 या ई-मेल mybhartbundi@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
