बूंदी, 14 नवंबर। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल बरुन्धन निवासी 52 वर्षीय ओमप्रकाश सुमन ने कोटा के एमबीएस अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार के मुखिया के असमय निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं उनकी दो संतानों के सिर से पिता का साया उठ गया।
जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर को दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच ओमप्रकाश सुमन अपने दामाद सोनू सैनी के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर हनुमानजी मंदिर के पास खड़े थे। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में ओमप्रकाश के सिर पर गंभीर चोट आई। उन्हें तत्काल बूंदी राजकीय अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर सुधा अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद बेहतर उपचार के लिए कोटा के एमबीएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
दो संतानों के सिर से उठा पिता का साया
ओमप्रकाश सुमन की एक बड़ी पुत्री विवाहित है, जबकि पुत्र रोनी सुमन एवं पुत्री चंचल अविवाहित हैं। पिता के असमय निधन से दोनों संतानों के जीवन में बड़ा खालीपन आ गया है। परिवार के मुखिया के चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद से घर में शोक का माहौल बना हुआ है।
अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
शुक्रवार को ओमप्रकाश सुमन की अंतिम यात्रा उनके निवास स्थान से रवाना हुई। अंतिम विदाई देने के लिए कस्बे के बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। नम आंखों से कस्बेवासियों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। हादसे में हुई मौत की खबर से पूरे बरुन्धन कस्बे में शोक की लहर छा गई।
कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग
हादसे के संबंध में परिजनों ने सदर थाना बूंदी में कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
एक सड़क हादसे ने परिवार से उसका मुखिया और संतानों से पिता का सहारा छीन लिया। पीछे रह गईं अपनों की यादें, परिवार की जिम्मेदारियां और कभी न भूलने वाला दुख।
