बूंदी। मध्यप्रदेश के भोपाल स्थित रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, रायसेन में आयोजित राष्ट्रीय एकता एवं शांति शिविर में बूंदी के युवाओं ने राजस्थान की संस्कृति और परंपराओं का गौरव बढ़ाया। 25 से 28 अक्टूबर तक आयोजित शिविर में रामेष्ट युवा मंडल संस्थान, बूंदी के अध्यक्ष शिखर पंचोली ने राजस्थान दल के टीम लीडर के रूप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय युवा परियोजना (NYP) के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में देश के 15 से अधिक राज्यों के करीब 250 युवाओं ने भाग लिया। बूंदी से हर्षिता गौतम भी राजस्थान दल की प्रतिभागी रहीं।
शिविर में शिखर पंचोली ने खड़ताल वादन के जरिए राजस्थानी लोक संस्कृति और पारंपरिक संगीत की पहचान प्रस्तुत की। वहीं राजस्थान दल के प्रतिभागियों ने हर्षिता गौतम के साथ सामूहिक राजस्थानी लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत से अन्य राज्यों के युवाओं को परिचित कराया। शिविर में विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों के बीच भाषा, संस्कृति और परंपराओं के आदान-प्रदान से जुड़े कार्यक्रम भी हुए।
इस दौरान शिखर पंचोली ने भोपाल के सांसद से मुलाकात कर बूंदी में युवाओं के साथ किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने रामेष्ट युवा मंडल संस्थान की गतिविधियों और युवाओं की भागीदारी के बारे में भी बताया। सांसद ने संस्थान के प्रयासों की सराहना की।
शिविर के तहत प्रतिभागियों ने भोजपुर शिव मंदिर, विश्वप्रसिद्ध सांची स्तूप सहित मध्यप्रदेश के कई ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला।
