बूंदी। मध्यप्रदेश के भोपाल स्थित रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय, रायसेन में 25 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय एकता एवं शांति शिविर में बूंदी के युवाओं ने राजस्थान की लोक संस्कृति और परंपराओं का प्रतिनिधित्व किया। राष्ट्रीय युवा परियोजना (एनवाईपी) के अंतर्गत आयोजित शिविर में रामेष्ट युवा मंडल संस्थान, बूंदी के अध्यक्ष शिखर पंचोली ने राजस्थान दल के टीम लीडर के रूप में प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। बूंदी की हर्षिता गौतम भी राजस्थान दल की प्रतिभागी रहीं।
शिविर में देश के 15 से अधिक राज्यों के लगभग 250 युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान विभिन्न राज्यों के प्रतिभागियों को एक-दूसरे की संस्कृति, भाषा और परंपराओं को समझने का अवसर मिला। शिखर पंचोली ने खड़ताल वादन के माध्यम से राजस्थानी लोक संगीत और परंपराओं का परिचय दिया। वहीं, राजस्थान दल के प्रतिभागियों ने हर्षिता गौतम के साथ सामूहिक राजस्थानी लोकनृत्य की प्रस्तुति देकर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर प्रदर्शित किया।
भोपाल के सांसद से किया संवाद
शिविर के दौरान शिखर पंचोली ने भोपाल के सांसद से मुलाकात कर बूंदी में युवाओं के साथ किए जा रहे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण और रामेष्ट युवा मंडल संस्थान की गतिविधियों के बारे में भी बताया। सांसद ने संस्थान की ओर से किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
ऐतिहासिक स्थलों का किया भ्रमण
शिविर के अंतर्गत प्रतिभागियों ने प्रसिद्ध भोजपुर शिव मंदिर, विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप सहित मध्यप्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक मंदिरों और दर्शनीय स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान युवाओं को प्रदेश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला।
शिखर पंचोली ने बताया कि रामेष्ट युवा मंडल संस्थान के माध्यम से जिले के युवाओं को राष्ट्रीय शिविरों, सांस्कृतिक आयोजनों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को विभिन्न संस्कृतियों को समझने, दूसरे राज्यों के युवाओं के साथ संवाद स्थापित करने, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और नए अनुभव हासिल करने का अवसर मिलता है।
