बूंदी। सेवा संकल्प अभियान ‘जन सेवा ही प्रभु सेवा’ के तहत शुक्रवार को जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यसभा सांसद एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रदेश के युवाओं से संवाद किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विजन पर चर्चा की गई और युवाओं से सुझाव लिए गए। प्रदेशभर के युवा वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत जन सेवा अभियान के जरिए अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं के विकास से ही देश और प्रदेश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि भारत का युवा देश की दशा और दिशा बदलने की ताकत रखता है। विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका होगी और युवा पीढ़ी ही इसकी निर्माता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति, स्किल इंडिया और विकास योजनाओं के जरिए युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है। युवाओं को जोड़ने के लिए ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म भी शुरू किया गया है।
नितिन नवीन ने युवाओं से बड़ा सोचने और जीवन में शॉर्टकट से बचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए कड़ा परिश्रम जरूरी है। असफलताओं से निराश होने के बजाय धैर्य के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए।
बूंदी में जिला स्तरीय कार्यक्रम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुआ। इसमें एनसीसी कैडेट, कॉलेज के विद्यार्थी और ‘माय भारत’ के कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में राष्ट्रगान और वंदे मातरम् का गायन भी हुआ। जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव, अतिरिक्त जिला कलक्टर (सीलिंग) रमेश देव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी सामर और जिला खेल अधिकारी हर्षवर्धन सिंह सहित अधिकारी मौजूद रहे।
