नागरिक अभिव्यक्ति । इटावा
इटावा। उत्तराखंड की 15 दिवसीय चारधाम यात्रा पूरी कर सोमवार को लौटे श्रद्धालुओं का श्री सनातन जन जागृति सेवा समिति की ओर से भव्य स्वागत किया गया। यात्रियों के आगमन पर पुष्पहार पहनाकर, तिलक लगाकर, श्रीफल भेंट कर और मिठाई खिलाकर उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद बैंड-बाजे के साथ नगर भ्रमण कराया गया। इस दौरान जय बद्रीविशाल, जय केदारनाथ और जय श्रीराम के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
चारधाम यात्रा पूरी कर लौटा श्रद्धालुओं का जत्था सुबह गेंता रोड स्थित श्री कल्याण राय मांगलिक रिसॉर्ट पहुंचा। यहां से सभी यात्रियों को झरनिया बालाजी मंदिर ले जाया गया, जहां उन्होंने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद मंदिर परिसर में स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समिति के वरिष्ठ संरक्षक विष्णु गोयल, विनोद गुप्ता और अविनाश बंसल सहित समिति सदस्यों एवं परिजनों ने यात्रियों को तिलक लगाकर, पुष्पहार पहनाकर और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। परिवारजनों ने भी नए वस्त्र भेंट कर खुशी जताई।
यात्रा पूरी कर लौटने वाले श्रद्धालुओं में समिति के वरिष्ठ संरक्षक गिरजाशंकर गुप्ता, तेजराज सिंह, ओमप्रकाश पारेता, चैनसुख मित्तल, दुर्गाशंकर पारेता, गोवर्धन महावर और ओमप्रकाश शर्मा सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे। यात्रियों ने चारों धामों के दर्शन और यात्रा के दौरान प्राप्त आध्यात्मिक अनुभव साझा किए।
स्वागत समारोह के बाद बैंड-बाजे के साथ श्रद्धालुओं का नगर भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम में पवन गुप्ता, राजेश पारेता, रवि सिंह, मुकेश पारेता, अंकित मित्तल, धर्मवीर गुप्ता, पार्षद राकेश पारेता और महेंद्र पारेता सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
