14 नवंबर | बाल दिवस विशेष
बचपन को सपने देखने दीजिए, देश का भविष्य खुद संवर जाएगा जिज्ञासा ही आने वाले कल की नींव हैं। हर साल 14 नवंबर को बाल दिवस मनाते हुए हम बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और खुशियों की बात करते हैं। यह दिन देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के रूप में मनाया जाता है, जिन्हें बच्चे प्यार से चाचा नेहरू कहते थे।
लेकिन बाल दिवस केवल शुभकामनाएं देने, कार्यक्रम आयोजित करने और बच्चों को उपहार बांटने का दिन नहीं है। यह समाज के सामने एक बड़ा सवाल भी रखता है कि क्या हर बच्चे को समान अवसर मिल रहे हैं? क्या उसकी शिक्षा, सुरक्षा, पोषण और अभिव्यक्ति के अधिकार सुरक्षित हैं? आज भी अनेक बच्चे गरीबी, बाल श्रम, कुपोषण और शिक्षा से वंचित होने जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं।
बदलते दौर में बच्चों पर पढ़ाई, प्रतियोगिता और बेहतर प्रदर्शन का दबाव भी बढ़ा है। माता-पिता और स्कूलों की अपेक्षाओं के बीच कहीं उनका बचपन पीछे छूटता जा रहा है। बच्चों को केवल अच्छे अंक लाने की मशीन नहीं, बल्कि संवेदनशील, रचनात्मक और स्वतंत्र सोच रखने वाला इंसान बनने का अवसर मिलना चाहिए।
बाल दिवस का असली संदेश यही है कि बच्चों पर अपने सपने थोपने के बजाय उन्हें अपने सपने चुनने की आजादी दें। उनके सवालों को सुनें, उनकी प्रतिभा को पहचानें और असफलताओं में उनका साथ दें। क्योंकि बचपन जितना सुरक्षित, खुशहाल और स्वतंत्र होगा, देश का भविष्य उतना ही मजबूत होगा।
