चित्तौड़गढ़। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की राजस्थान यूनिट ने चित्तौड़गढ़ जिले में गुजरात नंबर की होंडा अमेज कार से 156.650 किलो अवैध डोडा चूरा जब्त किया। टीम ने कार का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा किया। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गया।
सीबीएन के अनुसार, 22 सितंबर की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर कपासन तहसील के टाना गांव में भिंडर-रामगढ़ रोड पर निगरानी की जा रही थी। संदिग्ध कार आने पर टीम ने उसे रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने गति बढ़ा दी। टीम ने पीछा कर कार को रुकवाया, हालांकि उसमें सवार व्यक्ति मौके से भाग निकला।
सुरक्षा कारणों से टीम कार को सीबीएन कार्यालय लेकर पहुंची। तलाशी में कार के भीतर डोडा चूरा से भरे नौ बैग मिले। इनका कुल वजन 156.650 किलोग्राम निकला। टीम ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत डोडा चूरा और कार जब्त कर जांच शुरू की है। फरार चालक की पहचान और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।
