नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ने से CISF के एक कांस्टेबल की मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय उदय सिंह सिकरवार, पुत्र हरिश्चंद्र सिंह, निवासी मथुरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार उदय सिंह CISF में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। उनके सहकर्मी विष्णु ने बताया कि दोनों ट्रेन से देवली, टोंक जा रहे थे, जहां उदय सिंह का स्वास्थ्य परीक्षण करवाया जाना था। ट्रेन में सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई।
इसके बाद उन्हें कोटा रेलवे स्टेशन पर उतारा गया। वहां से एंबुलेंस की मदद से उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया गया। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उदय सिंह को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। सोमवार को परिजनों की मौजूदगी में पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
