नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत डाबी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध खनन में प्रयुक्त एक लोडर (हाइड्रा क्रेन) जब्त की है। मामले में खनन विभाग ने संबंधित वाहन पर 4 लाख 71 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (आईपीएस) के निर्देश पर डाबी थानाधिकारी हेमराज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। टीम ने अवैध खनन में प्रयुक्त हाइड्रा क्रेन को डिटेन किया और मौके पर खनन विभाग की टीम को बुलाया।
इसके बाद संबंधित वाहन को जब्त कर खनन विभाग के माध्यम से जुर्माने की कार्रवाई करवाई गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए अभियान के तहत कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में डाबी थानाधिकारी हेमराज शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक हरीश कुमार तथा कांस्टेबल विजयपाल और श्रवणराम शामिल रहे।
