कोटा। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डीएवी पब्लिक स्कूल कोटा के विद्यार्थियों ने पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पल्लवी अरोड़ा के निर्देशन में शिक्षकों की उपस्थिति तथा आर्य समाज जिला कोटा की सहभागिता में हुआ।

विद्यालय के समीप स्थित स्वामी दयानंद सामुदायिक भवन के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई। विद्यार्थियों और आर्य समाज के सदस्यों ने पीपल, आम, अमरूद, नीम, तुलसी सहित विभिन्न पुष्पीय एवं अन्य पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती पल्लवी अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरणीय प्रदूषण सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। इसका समाधान करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और हर वर्ष पौधारोपण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
विद्यालय के धर्मशिक्षक आचार्य शोभाराम ने बताया कि पौधारोपण से पहले सामुदायिक भवन में आर्य समाज की ओर से प्राचार्या पल्लवी अरोड़ा का साफा और केसरिया अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में संयोजक राकेश चड्ढा, कैलाश बाहेती, वेद विदुषी सुदेश आहूजा, लालचंद आर्य, भैरूलाल शर्मा, किशन आर्य, छाया गोयल, कमलेश आर्य और राधा वल्लभ राठौड़ सहित आर्य समाज के पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों के साथ उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया और भविष्य में भी समाजोपयोगी कार्यक्रमों में सहयोग का संकल्प दोहराया।
