बूंदी। देईखेड़ा के शिव मंदिर मोहल्ले में बाल गणेश मंडल के तत्वावधान में गणेशोत्सव के अवसर पर शनिवार रात भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मंडल की ओर से स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा के विधि-विधान से पूजन-अर्चन और महाआरती के साथ हुई। इसके बाद देर रात तक भक्ति संगीत की प्रस्तुतियों का दौर चलता रहा।
भजन गायक परवन खटाना ने गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों पर महिला-पुरुष, युवा और बच्चे भावविभोर होकर देर रात तक झूमते रहे। पूरे शिव मंदिर मोहल्ले में भक्तिमय माहौल बना रहा।
गणमान्य लोगों का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान देईखेड़ा थानाधिकारी रामभरोसी मीणा सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की दृष्टि से मौजूद रहे। इस अवसर पर देईखेड़ा व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश व्यास, पूर्व वार्ड पंच किशोरी लाल मीणा, गोपाल राठौर, सामाजिक कार्यकर्ता बद्रीलाल मीणा, राजकुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों का आयोजन मंडल के सदस्यों ने स्वागत-सत्कार किया।
मंडल सदस्यों ने संभाली व्यवस्थाएं
भजन संध्या के सफल आयोजन के लिए बाल गणेश मंडल के कौशल गौतम, धीरज प्रजापति, गोविंद मीणा, रोहित मीणा, रमेश, बलराम मीणा, दीपू मराठा, मोहित मीणा, रोहित राठौर और विशाल गौतम सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाएं संभालीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।
मंडल पदाधिकारियों ने बताया कि अनंत चतुर्दशी के अवसर पर भगवान गणेश की स्थापित प्रतिमा का विधि-विधान के साथ विसर्जन किया जाएगा।
