इटावा। धाकड़ युवा शक्ति की ओर से 23 सितंबर को इटावा उपखंड मुख्यालय पर प्रस्तावित ट्रैक्टर रैली की तैयारियों को लेकर मंगलवार को हरियाली गार्डन में धाकड़ समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक में रैली की व्यवस्थाओं और तैयारियों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
बैठक को संबोधित करते हुए गिरिराज धाकड़ फौजी बड़ौद ने कहा कि राजस्थान राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की ओर से ओबीसी वर्ग में शामिल विभिन्न जातियों की जनसंख्या से संबंधित प्रस्तुत आंकड़ों में धाकड़ समाज की जनसंख्या का उचित उल्लेख नहीं किया गया है। उन्होंने समाज की वास्तविक जनसंख्या के आंकड़ों का पुनः सत्यापन कर उन्हें सही रूप से प्रस्तुत करने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि समाज की जनसंख्या, सामाजिक स्थिति, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और ओबीसी में भागीदारी से जुड़े तथ्यों को आयोग की रिपोर्ट एवं सार्वजनिक प्रस्तुतियों में उचित स्थान मिलना चाहिए। आयोजकों ने राजस्थान में धाकड़ समाज की संख्या करीब 15 लाख से अधिक मतदाता होने का दावा किया।
11 बजे पेट्रोल पंप से रवाना होगी रैली
आयोजकों के अनुसार 23 सितंबर को सुबह समाज के लोग कोटा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर एकत्रित होंगे। यहां से सुबह 11 बजे ट्रैक्टर, कार, मोटरसाइकिल, हार्वेस्टर और पैदल रैली रवाना होगी। रैली मुख्य बाजार और अंबेडकर सर्किल होते हुए उपखंड मुख्यालय पहुंचेगी। यहां राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
रैली की व्यवस्थाओं के लिए समाज के प्रत्येक गांव से पांच-पांच कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजकों ने रैली में बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों के शामिल होने का दावा किया है। साथ ही करीब एक हजार ट्रैक्टर, कार, मोटरसाइकिल और हार्वेस्टर रैली में शामिल होने की
बात कही गई है।
