नागरिक अभिव्यक्ति | दीगोद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने सोमवार को दीगोद उपखंड में 8.41 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 114 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। निमोदा रोड स्थित सामुदायिक भवन में हुए समारोह में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, भाजपा देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर और पंचायत समिति प्रधान कृष्णा शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सुल्तानपुर के 370.20 लाख रुपए के 105 कार्य शामिल हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सुरेला, हरिपुरा और छीपड़दा में 165 लाख रुपए की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण किया गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग तीन प्रमुख सड़कों का निर्माण 280.83 लाख रुपए की लागत से करेगा। इनमें दीगोद का अटल प्रगति पथ, कोटा-सुल्तानपुर रोड और खेड़ली घटा से सुरेला तक जीएसबी सड़क शामिल हैं। सीएडी विभाग 25.27 लाख रुपए की लागत से तीन पुलियाओं का निर्माण कराएगा। अन्य कार्यों में सड़क, पेयजल, श्मशान घाटों पर टीन शेड, अटल ज्ञान केंद्र और ओपन जिम जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
समारोह को संबोधित करते हुए नागर ने कहा कि राजनीति को सत्ता का साधन नहीं, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के उत्थान का माध्यम बनाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं और युवाओं से जनसेवा के क्षेत्र में पद की लालसा के बजाय सेवा के संकल्प के साथ आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन निस्वार्थ सेवा से ही जनता के दिल में जगह बनती है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सांगोद विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य हो रहे हैं। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मार्गदर्शन से क्षेत्र के विकास को दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि दीगोद के हर गांव को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाने का प्रयास किया जाएगा।
