नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी, 27 अक्टूबर। गेंडोली-फोलाई लिफ्ट परियोजना का लाभ किसानों को समय पर उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर परियोजना के टेस्टिंग कार्य को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने जयपुर विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि परियोजना की टेस्टिंग के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विद्युत आपूर्ति लाइनों की तत्काल जांच करवाने और सामने आने वाली तकनीकी समस्याओं को प्राथमिकता से दूर करने को कहा, ताकि टेस्टिंग का कार्य बाधित नहीं हो और परियोजना का लाभ किसानों तक समय पर पहुंच सके।
जिला कलक्टर ने कार्यकारी एजेंसी को परियोजना के शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए आवश्यकतानुसार मैनपावर तत्काल बढ़ाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करें, ताकि परियोजना को आगे बढ़ाने में अनावश्यक देरी न हो।
बैठक में जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता जे.के. अग्रवाल, जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियंता शेर सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
