नागरिक अभिव्यक्ति | झालावाड़
अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित संपत्ति को फ्रीज होने से बचाने के लिए कथित तौर पर फर्जी फसल बिक्री बिल तैयार कर पेश करने के मामले में घाटोली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने करीब 48 लाख रुपए की संपत्ति को कार्रवाई से बचाने के लिए विभिन्न कृषि उपज मंडियों के नाम से बिल पेश किए थे।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि घाटोली निवासी टेमन्त सिंह उर्फ टेमराज (33) के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत संपत्ति फ्रीज करने की कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस का आरोप है कि इस कार्रवाई के जवाब में आरोपी ने कृषि उपज मंडियों में फसल बेचने के फर्जी बिल तैयार कर सक्षम प्राधिकारी के समक्ष पेश किए।
पुलिस ने संबंधित मंडियों से रिकॉर्ड मंगवाकर जांच की तो बिल फर्जी पाए गए। इनमें भवानीमंडी, झालरापाटन, कोटा और रामगंजमंडी के अलावा मध्यप्रदेश की मंदसौर, नीमच, राजगढ़ और जीरापुर मंडियों के नाम से तैयार बिल शामिल बताए गए हैं। इसके बाद घाटोली थाने में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
थानाधिकारी रामस्वरूप राठौर के नेतृत्व में जांच के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने संपत्तियां फ्रीज होने से बचाने के लिए बिल तैयार कर पेश करने की बात स्वीकार की है। पुलिस कथित धोखाधड़ी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न आपराधिक मामले दर्ज हैं।
