नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा
भारतीय किसान संघ की ओर से बुधवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में अखिल भारतीय महिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में शामिल होने के लिए हाड़ौती से महिला कार्यकर्ताओं की एक बस दिल्ली रवाना हुई है। आयोजकों के अनुसार, चित्तौड़ प्रांत के 16 जिलों से करीब 500 महिलाएं सम्मेलन में पहुंच रही हैं।
भारतीय किसान संघ की प्रदेश महिला प्रमुख रमा शर्मा ‘निर्भीक’ ने बताया कि सम्मेलन को लेकर महिला किसानों और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। चित्तौड़ प्रांत की महिला प्रमुख रजनी नागर के नेतृत्व में विभिन्न जिलों की महिलाएं दिल्ली जा रही हैं। संभाग महिला प्रमुख संतोष नागर और जिला महिला प्रमुख मधु नागर ने बताया कि हाड़ौती क्षेत्र से भी कार्यकर्ता बस से रवाना हुई हैं।
सम्मेलन में कोटा कृषि विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. विमला डूंकवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। आयोजकों ने बताया कि सम्मेलन में कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका और उनके अधिकारों पर चर्चा की जाएगी। महिला किसानों की चुनौतियों, कृषि पद्धतियों में उनकी भागीदारी, जैविक एवं प्राकृतिक खेती और स्वावलंबन जैसे विषय भी चर्चा में रहेंगे।
प्रांत महिला प्रमुख रजनी नागर ने कहा कि महिला किसान कृषि और देश की खाद्य व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। सम्मेलन के माध्यम से कृषि में महिलाओं की बराबरी की भागीदारी, उनके अधिकारों की रक्षा और समाज में सम्मान व सुरक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प लिया जाएगा।
